← काव्यपथ
लेख

साहसी बच्चे रोते नहीं

Tushar Pandey

इस जीवन की मेरी पहली स्मृति मिट्टी में उंगलियों से अक्षर बनाना सीखने की है। आम के दो विशालकाय वृक्ष ननिहाल में दरवाजे के बिल्कुल सामने थे; उनके नीचे नानी के हाथों से मिट्टी में अक्षर ज्ञान। फिर नानाजी से लोक-कविता के जरिए संख्या ज्ञान—

"एकल राम, दुजिया के चांद,.............चारों भुवन, .......... दस दिगपाल.......।"

मेरी यादें उस समय की अपनी माँ को ढूंढती हैं। वह कहाँ हैं? कोई उत्तर नहीं मिलता।

अगली स्मृति माँ की गोद में सर रखकर सोने की है। वह किसी से बात कर रही हैं। मैं कभी खुले आसमान तो कभी उनके चेहरे की बदलती भाव-भंगिमाओं को एकटक देख रहा हूँ। मुझे स्त्रियों से प्रेम है, क्योंकि मेरी माँ एक स्त्री हैं।

जब वे हँसती हैं, उनके कानों की स्वर्ण बालियाँ लयबद्ध होकर झूम उठती हैं। सूरज की कुछ बागी किरणें मेरी आँखों को छेड़ रही हैं, इससे पहले कि मैं झुंझलाकर अपनी आँखें मूँद लूं, उनका आंचल उन बागी किरणों को लगभग भगाते, दुत्कारते हुए मेरे मुखारविंद को ढंक देता है। वे धीरे से कहती हैं, "सो जाओ!" आंचल की ओट से आसमान सैंकड़ों सितारों से भरा दिखता है।

ननिहाल में, छोटे बच्चों को अपनी-अपनी माँ के साथ देख शायद मैंने भी नानी से पूछा ही होगा। मुझे मालूम नहीं कि आज भी शाम मुझे रुआंसी क्यों कर जाती है। पंछियों का झुंड में घर वापस लौटना मुझे दंश क्यों दे जाता है। मम्मी बताती हैं, हर शाम वे भी छत की मुंडेर से घर लौटते स्कूली बच्चों को देख रो उठती थीं।

प्यारे दोस्तों! मेरी जिंदगी में माँ से लगभग हमेशा दूर रहने की यह अनुभूति इतनी प्रबल रही है कि चाहकर भी मैं इस पहलू को अलग नहीं रख सकता। मेरी इच्छाएँ, मेरा प्रेम, मेरा दुःख, और यहाँ तक कि मेरी लेखनी पर इस पहलू का अमिट छाप है। यकीन मानिए कि पिछले एक वर्ष से इस संस्मरण को मैंने सैकड़ों बार जिया है, महसूस किया है, और यह सोचकर लेखनी रोक डाली है कि क्या इसे कहा जाना इतना भी जरूरी है?

सात-आठ साल का रहा हूँगा। एक पत्र में मम्मी लिखती हैं—

"बाबू! मैं तुमसे क्या कहूँ कि तुम मुझे कितना याद आते हो। बाबू! तुम मुझे बहुत याद आते हो। अगर मैं तुम्हारा मोह करूंगी, तो तुम एक महान आदमी कैसे बनोगे? माँ के पास रहकर बच्चे मन लगाकर पढ़ नहीं पाते हैं। तुम तो एक साहसी बच्चे हो। साहसी बच्चे अपनी मम्मी के लिए रोते नहीं हैं। वहाँ हमसे ज्यादा प्यार देने वाले नाना-नानी हैं, मामा-मामी हैं। बस दो-तीन महीने की बात है, मैं तुम्हारे लिए वहाँ रहूँगी ही।"

उस दौर में मुझे ये सब बातें निरर्थक लगती थीं। याद क्या चीज होती है? और क्या याद करके रोया भी जाता है? मैं आसपास के बच्चों के साथ बैट-बॉल खेलने, तितलियाँ पकड़ने, फूलों के पौधों के साथ खेलने, और घर के सामने सड़क की दूसरी ओर कलकल ध्वनि से बह रही नारायणी नदी में डूबते सूरज को देखने में व्यस्त रहता था।

उसी उम्र में प्रत्युत्तर में लिखे एक पत्र में मैने एक हाथ घड़ी और एक हिन्दी की किताब मांगी थी।

किशोरावस्था में मैं मजाकिया लहजे में उनसे शिकायत कर बैठता था। वे चुपचाप मेरा मुँह निहारतीं और आँखों से अश्रुधारा बह निकलती। फिर कहतीं, "तुम्हारे लिए ही किया।"

उन दिनों हॉस्टल से जब भी घर आना होता और अभी भी जब भी घर होता हूँ, थाली से हर निवाला मेरे मुंह तक जाते देखना उनका पसंदीदा काम है, बीच में टोकती भी हैं, ये चटनी मिक्स करके खाओ, और अगर मैं उनके बताए तरीके से नहीं खाता तो खिला भी देती हैं। मेरे छोटे भाई बहन इस दृश्य का खूब आनंद लेते हैं, और मुझे छेड़ते भी हैं।

सुबह से ही ये पूछने लग जाना कि बताओ कौन सा कपड़ा धुलना है! मेरे लाख मन करने के बाद भी मुझसे एक दो कपड़े ले ही लेना। कुछ वर्षों से मैंने भी एक बढ़िया तरकीब ढूंढ निकाली है, अपने कपड़े उनकी नजरों से दूर ट्राली में ही रखता हूँ, और उनके जिद करने पर एक टीशर्ट दे देता हूँ। शाम तक वो टीशर्ट सूख कर नई मिलती है। कम्बख्त खुद से धुलो तो मजाल है कि वो इतनी चमके।

अभी मैं लगभग उस उम्र की ओर बढ़ चला हूँ, जिस उम्र में उन्होंने मुझे पढ़ाई के लिए ननिहाल भेजने का निर्णय लिया होगा। इस विषय पर यादें तो बहुत हैं पर अभी मेरे पास उन्हें बयाँ करने के लिए शब्द नहीं मिल रहे। इसलिए अभी के लिए, आकाश में ऊँचाई पर रुई की परत जैसे दिखने वाले बादलों की तरह, इस संस्मरण को टाँग देता हूँ। चूँकि लिखने से पहले ही कई बार रो चुका हूँ, और शब्द पिघलकर निकल चुके हैं... इसलिए आज इतना ही।

(समाप्त)

न्यूज़लेटर

काव्यपथ · Substack

नई रचनाओं की सूचना ईमेल पर पाएँ

Substack पर खोलें →